*
*धरमजयगढ़, रायगढ़ (छ.ग.)* - सरकार द्वारा नवागांव ईस्ट और नवागांव वेस्ट कोयला खदान की नीलामी की प्रक्रिया शुरू करने से धरमजयगढ़ के नवागांव में आक्रोश फैल गया है। नीलामी के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए और ग्राम सभा का आयोजन कर आगे की रणनीति पर चर्चा की।
ग्रामीणों का कहना है कि धरमजयगढ़ क्षेत्र में पेसा एक्ट (PESA Act) लागू है, जिसके तहत ग्राम सभा की सहमति के बिना जमीन का अधिग्रहण या खनन नहीं किया जा सकता। बावजूद इसके सरकार ग्रामीणों की आवाज नहीं सुन रही है और जबरन कोयला खदानों की नीलामी की जा रही है।
ग्राम सभा में ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि खदान खुलने से उनकी कृषि भूमि, जंगल और जल स्रोत खत्म हो जाएंगे। पर्यावरण को भारी नुकसान होगा और विस्थापन की स्थिति बनेगी। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी कीमत पर अपनी जमीन नहीं देंगे।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने नीलामी प्रक्रिया वापस नहीं ली तो आगे और बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसके लिए गांव-गांव में जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा और जिला प्रशासन से लेकर राजधानी तक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।



